भारत और अमरीका ने दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संतोष व्यक्त किया है। रक्षामंत्री ए के एंटनी ने वाशिंगटन में अमरीकी रक्षा मंत्री राबर्ड गेट्स से बातचीत की। अमरीकी विदेश विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में रक्षा और वैश्विक तथा क्षेत्रीय सुरक्षा के मुददों पर विचार विमर्श किया गया। श्री एंटनी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत अमरीका परमाणु समझौते को अमरीकी संसद में मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। श्री एंटनी आज व्हाइट हाउस में अमरीका की विदेश मंत्री सुश्री कोंडोलीजा राइस और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्टीफन हेडली से भी मिलने वाले हैं।
अमरीका ने भारत को 17 करोड़ डॉलर के हारपून मिसाइल बेचने की घोषणा की है। वह इन मिसाइलों के साथ सम्बद्ध उपकरण और सेवाएं भी देगा। पेंटागन ने एक वक्तव्य में कहा है कि प्रस्तावित बिक्री से भारत-अमरीका सामरिक संबंध मजबूत होंगे। वक्तव्य में आगे कहा गया है कि भारत, हारपून मिसाइलों का इस्तेमाल वायुसेना की जमीनी लड़ाई प्रतिरोधी मिशन क्षमता को आधुनिक बनाने और नौसेना के कामकाज में सुधार के लिए करना चाहता है। पेंटागन ने अमरीकी कांग्रेस को भारत को हारपून ब्लॉक-२ मिसाइलों की संभावित बिक्री के बारे में भी सूचित किया है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब भारत के रक्षामंत्री ए के एंटनी अमरीका के दौरे पर हैं।