पुलिस ने लश्कर-ए-तोइबा के दो आतंकियों को गिरफ्तार कर उनसे विस्फोटक बरामद किए, जिससे जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ग्रेनेड हमले का उनका मंसूबा विफल हो गया।
पुलिस ने कहा कि एक सूचना के आधार पर सेना और पुलिस ने डोडा जिले में खोजबीन अभियान चलाया और दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से तीन ग्रेनेड बरामद किए। पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए आतंकियों की पहचान फारुक अहमद और मोहम्मद इश्तियाक के रूप में की गई है जो जिले के नाली कुलहंड इलाके के निवासी हैं। लश्कर आतंकी इकबाल मलिक ने उनको स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डोडा में ग्रेनेड फेंकने को कहा था। दोनों को संयुक्त पूछताछ केंद्र भेज दिया गया है। इस बीच, सुरक्षा बलों ने डोडा जिले के लोदना के रियाज अहमद को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस को सौंप दिया है।