झारखंड में मुख्यमंत्री मधुकोड़ा द्वारा विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 25अगस्त को विधानसभा का सत्र बुलाए जाने की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं। श्री कोड़ा ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे सदन में यूपीए के सहयोग से अपना बहुमत सिद्ध कर देंगे।
मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने 81 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 42 सदस्यों के समर्थन का आंकड़ा पूरा करने के वास्ते कोशिश तेज कर दी है। जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष शिबू सोरेन वैकल्पिक सरकार बनाने के प्रयास में यूपीए के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करने दिल्ली पहुंच रहे हैं। श्री सोरेन ने कहा है कि वे कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के शीर्ष नेतृत्व से बात कर राज्य में राष्ट्रपति शासन टालने का प्रयास करेंगे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड ने राज्यपाल द्वारा मुख्यमंत्री को बहुमत सिद्ध करने के लिए समय दिए जाने का कड़ा विरोध किया है। एनडीए नेताओं ने अल्पमत की सरकार को तत्काल बर्खास्त कर नए जनादेश की मांग की है।