लोकसभा में गत 22 जुलाई को मनमोहन सरकार के विश्वासमत हासिल करने के दौरान वोट के लिए नोट कांड में सात सदस्यीय संसदीय समिति ने अपनी सुनवाई पूरी कर ली।कांग्रेस सांसद एवं समिति के अध्यक्ष वी किशोर चंद्र देव ने बताया कि समिति ने समाजवादी पार्टी सांसद रेवती रमण सिंह, सुरेन्द्र कुलकर्णी, संजीव सक्सेना और रजा सुहैल हिन्दुस्तानी से पूछताछ के साथ ही साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि इन लोगों से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि जुटाए गए तथ्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए एक सप्ताह के भीतर समिति की बैठक होगी। हालांकि बैठक की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
भारतीय जनता पार्टी के तीन सांसदों सर्वश्री अशोक अर्गल, फग्गन सिह कुलस्ते और महावीर भगोरा ने गत 22 जुलाई को लोकसभा के पटल पर एक करोड़ रुपये के नोटों की गड्डी रखते हुए यह आरोप लगाया था कि विश्वाममत के दौरान मतदान से अनुपस्थित रहने के लिए रिश्वत देने की पेशकश की गई है।तीनों सांसदों ने सपा महासचिव अमर सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल पर रिश्वत देने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष से लिखित शिकायत की थी जिस पर यह समिति बनाई गई।