पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने अपने पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा कर दी है। मुशर्रफ़ ने कहा कि वो मुल्क के हित में इस्तीफ़ा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वक्त का तकाजा यही है। मुशर्रफ ने अपने संबोधन में कहा कि उनके ऊपर झूठे इल्जाम लगाए जा रहे हैं और ऐसा करने वाले अवाम को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य देश तय करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि महाभियोग संसद का हक है, लेकिन जवाब देना उनका फर्ज है।
मुशर्रफ ने कहा कि उन्होने मुश्किल हालातों में देश की बागडोर संभाली थी और उनके लिए देश हित सबसे ऊपर रहा है। उन्होंने कहा कि हर काम में उनकी नीयत साफ रही है और उनके कार्यकाल के दौरान देश में सबसे ज्यादा तरक्की हुई। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में हालात बिगड़े हैं। मुशर्रफ ने अपने संबोधन में देश में किए गए आर्थिक विकास के कामों का विस्तृत ब्योरा दिया। मुशर्रफ ने दावा किया कि उन्होंने अल्पसंख्यकों और महिलाओं के उत्थान पर समुचित ध्यान दिया।