भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र की यूपीए सरकार में शामिल कुछ दलों पर अहमदाबाद विस्फोट की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार लोगों की हिमायत करने का आरोप लगाते हुए कहा है ये पार्टियां सिमी प्रवक्ता की भूमिका निभा रही हैं। लोकसभा में बीजेपी के उप नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि आतंकवाद से निपटने में विफलता के बाद यूपीए के कुछ मंत्री विस्फोट की जांच में गिरफ्तार लोगों की हिमायत कर रहे हैं, जबकि गुजरात आतंकवाद से निपटने की मिसाल कायम कर रहा है।
रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की गिरफ्तार सिमी कार्यकर्ताओं पर टिप्पणी पर सख्त ऐतराज जताते हुए मल्होत्रा ने कहा कि आरजेडी प्रमुख के विचार आतंकवादी संगठन की तरफदारी करते प्रतीत हो रहे हैं। खबरों के मुताबिक लालू ने कहा था कि गुजरात में विस्फोट के सिलसिले में निर्दोष लोग गिरफ्तार किए जा रहे हैं और इस मसले की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य पुलिस सिमी के विस्फोट में शामिल होने को लेकर पर्याप्त सबूत मुहैया कराए, तो पूरे देश में कोई भी सिमी की तरफदारी नहीं करेगा।
बीजेपी नेता ने कहा कि यूपीए में ऐसी पार्टियां भी शामिल हैं, जो सिमी के प्रवक्ता के तौर पर काम कर रही हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल एक पार्टी पाकिस्तान मार्च की बात करती है। प्रधानमंत्री को सुनिश्चित करना चाहिए कि कैबिनेट की संवेदनशील मसलों पर सामूहिक जिम्मेदारी बनी रहे। अगर इस तरह के बयान नहीं रोके जा सकते, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी मुख्यालय में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक हुई। सोमवार को भी पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई गई है। इसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर पार्टी रणनीति तैयार करने के लिए विचार किया जाएगा। खास तौर पर अमरनाथ को चुनावी मुद्दा बनाए जाने की संभावना और नए सहयोगी तलाशने पर जोर रहेगा।