भारत ने काबुल में भारतीय दूतावास पर हाल के आतंकवादी हमले के लिए पाकिस्तान के कुछ तत्वों को दोषी ठहराया है। भारत का कहना है कि इस हमले तथा नियंत्रण रेखा पर टकराव और सीमा पार से फैलाए जा रहे आतंकवाद से माहौल खराब होता है और आपसी वार्ता के लिए समस्याएं पैदा होती हैं। ये मसले भारत ने दोनों देशों के विदेश सचिवों की बैठक में उठाये। यह बैठक भारत-पाकिस्तान समग्र वार्ता प्रक्रिया के पांचवें दौर के तहत नई दिल्ली में आयोजित की गई है।
बैठक में हुए विचार-विमर्श के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने बताया कि यह वार्ता ऐसे समय हुई जब दोनों देशों के संबंध कठिन दौर से गुजर रहे हैं। श्री मेनन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी हिंसा भड़काई गई है। उन्होंने कहा कि इससे माहौल बिगड़ा है और वार्ता प्रक्रिया पर असर पड़ा है।विदेश सचिव ने कहा कि भारत, पाकिस्तान से उम्मीद करता है कि वह इन सभी मुद्दों पर भारत की चिंताओं पर गौर करें।