अहमदाबाद के सिलसिलेवार धमाकों की साजिश रचने वाले सिमी के दो प्रमुख सदस्य अभी भी फरार हैं। अपराध शाखा के सूत्रों ने बताया कि पुलिस उन 50 छुटपुट लोगा की तलाश भी कर रही है जो अहमदाबाद और सूरत में बम रखने की साजिश में किसी न किसी रूप में शामिल थे।
अपराध शाखा के सूत्रों के मुताबिक हमारा काम अभी समाप्त नहीं हुआ है। हमें उन दो प्रमुख अपराधियों की तलाश है जो धमाकों में शामिल हैं। उनके नाम तौफीक बिलाल और कयामुद्दीन है। बिलाल मुंबई का रहने वाला है और पेशे से तकनीक का जानकार है। कयामुद्दीन वडोदरा का रहने वाला है। इनके अलावा कई और लोग धमाकों की साजिश में शामिल थे जिन्हें खोजना अभी बाकी है। पुलिस का मानना है कि अहमदाबाद में जिन बमों का इस्तेमाल किया गया था उन्हें तौफीक ने तैयार किया था। कम्प्यूटर इंजीनियर तौफीक को संयुक्त पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया ने सिलसिलेवार धमाकों का एक अन्य मास्टरमांइड बताया था।