पुलिस ने हलोल के निकट जंगलों का मुआयना किया ताकि उस स्थान का पता लगाया जा सके जहाँ सफदर नागौरी ने जनवरी 2008 में प्रतिबंधित सिमी के सदस्यों को प्रशिक्षण देने के लिए आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था।पुलिस ने हजरत खुंदनपीर दरगाह के ट्रस्टियों से भी पूछताछ की है। सिमी के सदस्य कथित तौर पर जंगल में प्रशिक्षण के दौरान यहीं पर रहे थे। पुलिस दल ने हलोल के निकट पावागढ़ पहाड़ी के निकट दरगाह का कल दौरा किया और दरगाह प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सैयद निजामुद्दीन से मुलाकात की। अधिकारियों ने कहा कि बैठक करीब दो घंटे तक चली।
दरगाह का नाम अहमदाबाद विस्फोटों के सिलसिले में गिरफ्तार सिमी कार्यकर्ताओं से पूछताछ में आया था। दरगाह के पीछे जंगलों ने शिविर के लिए आवरण का काम किया। शिविर में गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के करीब 25 से 30 सिमी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था।यह भी कहा गया कि आतंकवादियों ने हथियार प्रशिक्षण, पर्वतारोहण, तैराकी, मानचित्र अध्ययन और मोटरसाइकिल सवारी का प्रशिक्षण देने के लिए जंगल में प्रशिक्षण सुविधाओं की भी व्यवस्था की थी।
पुलिस को उस स्थान का अब भी पता लगाना है कि वास्तव में दरगाह के निकट जंगल में किस स्थान पर वास्तव में प्रशिक्षण दिया गया। हालाँकि सैयद निजामुद्दीन ने आरोपों का खंडन किया है कि दरगाह का इस्तेमाल सिमी द्वारा जंगल में प्रशिक्षण के दौरान ठहरने के लिए किया गया।