दांबुला में खेले गए पहले वनडे मैच में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से रौंद दिया। जीत के लिए 147 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने टारगेट 34.5 ओवर में ही पा लिया। श्रीलंका की ओर से कप्तान जयवर्धने 61 और कापूगेडेरा 45 रन बनाकर नॉट आउट रहे।
श्रीलंका की शुरुआत ठीक नहीं रही। मुनफ पटेल ने जल्दी-जल्दी 2 विकेट लेकर श्रीलंका को डबल झटके दिए और भारतीय खेमें में उम्मीद की किरण जगाई। उन्होंने जयसूर्या को 10 रनों के स्कोर पर पविलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने संगकारा को भी आउट किया। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की यह खुशी अगले कुछ ओवर्स में फुर्र हो गई। कप्तान जयवर्धने और कापूगेडेरा ने तीसरे विकेट की पार्टनरशिप में नॉटआउट 102 रन जोड़कर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया।
इससे पहले भारत की बैटिंग बुरी तरह फ्लॉप हुई। मेंडिस और मुरली की जादुई स्पिन के सामने भारतीय टीम सिर्फ 146 रन के अंदर ही पूरी टीम आउट हो गई। 3 विकेट लेनेवाले मेंडिस को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया की बैटिंग की तबाही का आलम यह रहा कि टीम की ओर से सबसे ज्यादा स्कोर 23 रन रहा। युवराज सिंह ने 23 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से अजांता मेंडिस ने 3 और मुरलीधरन ने 3 विकेट लिए।
कैप्टन धोनी को 6 रन के स्कोर पर मेंडिस ने आउट किया और इरफान पठान को 7 रन के स्कोर पर मुरलीधरन ने आउट किया। युवराज सिंह 23 रन बनाकर मेंडिस का शिकार बने जबकि रोहित शर्मा 19 रन बनाकर तुषारा की गेंद पर जयवर्धने को कैच थमा बैठे। इससे पहले तीसरे विकेट के तौर पर सुरेश रैना भी 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें भी कुलासेकरा ने ही आउट किया। भारत का दूसरा विकेट तब गिरा जब विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुलासेकरा ने आउट किया। टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही। गौतम गंभीर पारी के पहले ही ओवर में वास की दूसरी गेंद पर बिना कोई रन बनाकर आउट हो गए।