खेल मंत्री एम. एस. गिल ने इशारा किया था कि स्वर्ण पदक जीतकर लौटे अभिनव बिंद्रा को सोनिया गांधी से मिलना चाहिए लेकिन विपक्ष के नेता लाल कृष्ण आडवाणी से मिलने की कोई ज़रूरत नहीं है।वतन लौटने के बाद अभिनव के साथ अलग-अलग नेताओं और मंत्रियों से मिलने जाने वाले खेल मंत्री ने सुझाव दिया था कि बिंद्रा को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्य्से मिलने के बाद कांग्रेस प्रेज़िडंट सोनिया गांधी से भी मिलना चाहिए।
स्वर्ण पदक विजेता के परिवार को यह बात समझ में नहीं आ रही थी बिंद्रा को नेताओं से मिलना चाहिए या नहीं। हालांकि चैंपियन बिंद्रा ने प्रोटोकॉल की ज़रूरत ना होते हुए भी नेताओं से मुलाकात की। बताया जाता है कि खेल मंत्री सोनिया गांधी से मिलने के बारे में काफी उत्सुक थे और जब आडवाणी से मिलने की बात आई तो वह ज़्यादा खुश नहीं थे। लेकिन बिंद्रा की फैमिली को लगा कि अगर 10 जनपथ जाने की ज़रूरत है, तो फिर आडवाणी से भी मिला जाना चाहिए। अभिनव के पिता ए. एस. बिंद्रा ने अपने पुराने जानकार बीजेपी के सांसद विजय कुमार मल्होत्रा से बात की और आडवाणी से समय लेकर मुलाकात की।