 सचिन इस सिरीज़ में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं |
|
भारत और श्रीलंका के बीच तीन क्रिकेट टेस्ट मैचों की श्रृंखला का पहला मैच कोलंबो में खेला जाएगा। महेला जयवर्द्धने की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम में अजंथा मेंडिस टेस्ट मैच में अपने कैरियर की शुरुआत करेंगे। श्रीलंका को उन्ही की धरती पर हराने का सपना लेकर गई टीम इंडिया को स्पिनर अजंथा मेंडिस की फिरकी की गुत्थी सुलझाना ही कामयाबी की कसौटी रहेगी। फर्नांडो, मलिंगा और परवेज महरुफ की अनुपस्थिति मेजबान टीम के लिए चिंता बढ़ाएगी। उधर भारत सात बल्लेबाजों और चार गेंदबाजों के साथ उतर सकती हैं। स्पिन का दारोमदार अनिल कुंबले और हरभजन पर रहेगा। वहीं जहीर खान और ईशांत शर्मा तेज गेंदबाजी का मोर्चा संभालेंगे। तेंदुलकर के लिए यह श्रृंखला खास है क्योंकि वह टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक ग्यारह हजार नौ सौ तिरेपन रन के ब्रायन लारा के रिकॉर्ड से सिर्फ एक सौ बाहत्तर रन पीछे हैं। ऐसे में उप महाद्वीप की दो दिग्गज टीमों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। इसी मैच में आई सी सी के रेफरल नियम की प्रयोग के तौर पर शुरुआत होगी। इसके अंतर्गत टीम अंपायर के फैसले के खिलाफ एक पारी में तीन बार अपील कर सकती है।
|
|